रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में सक्रिय मानसून का असर अब केदारनाथ यात्रा पर भी साफ दिखाई देने लगा है। जनपद में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को 1,369 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए, जबकि शनिवार को यह संख्या बढ़कर 1,751 रही, लेकिन सामान्य दिनों की तुलना में यात्रा की रफ्तार अब भी धीमी बनी हुई है।
यात्रा कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग के अनुसार, 10 जुलाई की शाम पांच बजे से 11 जुलाई की शाम पांच बजे तक कुल 1,751 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इनमें 1,062 पुरुष, 664 महिलाएं और 25 बच्चे शामिल रहे। शनिवार को किसी भी विदेशी श्रद्धालु के दर्शन के लिए पहुंचने का रिकॉर्ड दर्ज नहीं हुआ।
एक सप्ताह से कम हो रही है यात्रियों की संख्या
जिला प्रशासन के अनुसार मानसून सक्रिय होने के बाद बीते एक सप्ताह से प्रतिदिन धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी देखी जा रही है। लगातार बारिश, मौसम की अनिश्चितता और पहाड़ी मार्गों पर यात्रा को लेकर बरती जा रही सावधानी के कारण कई श्रद्धालु फिलहाल यात्रा स्थगित कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की संख्या घटने का असर केदारघाटी के होटल, लॉज, रेस्टोरेंट, घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी और स्थानीय पर्यटन कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। मानसून सीजन में यदि मौसम लगातार खराब रहा तो स्थानीय कारोबारियों की चिंता और बढ़ सकती है।
14 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं बाबा केदार के दर्शन
इस वर्ष केदारनाथ यात्रा में अब तक 14,00,026 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार धाम पहुंच रहे हैं और यात्रा जारी है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। खराब मौसम की स्थिति में केवल आधिकारिक सलाह के अनुसार ही यात्रा करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
इसे भी पढ़ें
- रुद्रप्रयाग- घोलतीर-नगरासू के पास रेलवे निर्माण कंपनी के बैचिंग प्लांट में लगी आग, आधे घंटे में पाया काबू
- Kedarnath Yatra in Monsoon: बरसात में केदारनाथ जाना कितना सेफ है? जानिए सड़कों का हाल और ज़रूरी टिप्स
- रुद्रप्रयाग- शहर की नौकरी छोड़ गांव लौटे दिनेश सिंह चौधरी, ट्राउट पालन से हर साल कमा रहे 5 लाख रुपये
