Rudraprayag News: शिक्षक संघ चुनाव को लेकर अगस्त्यमुनि में बैठक, कुलदीप कंडारी ने शिक्षकों से मांगा समर्थन

Spread the love

रुद्रप्रयाग। राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री पद के प्रत्याशी कुलदीप सिंह कंडारी ने शनिवार को अगस्त्यमुनि में शिक्षकों के साथ बैठक कर आगामी चुनाव के लिए समर्थन मांगा। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि के सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने का भरोसा दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह कंडारी ने कहा कि प्रदेश के शिक्षकों के सम्मान और उनके हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि संगठन के समक्ष वर्तमान में कई महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं और शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी नेतृत्व की आवश्यकता है।

पदोन्नति, स्थानांतरण और वेतन विसंगति के समाधान का भरोसा

कंडारी ने कहा कि यदि उन्हें शिक्षकों का समर्थन मिलता है तो पदोन्नति, स्थानांतरण अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, सभी श्रेणी के स्थानांतरण, वेतन विसंगति, चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान, प्राथमिक और जूनियर विद्यालयों से समायोजित शिक्षकों की समस्याओं तथा कोटीकरण विसंगति के समाधान के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने अंतरमंडलीय स्थानांतरण का इंतजार कर रहे शिक्षकों के मामलों के समाधान का भी आश्वासन दिया।

वक्ताओं ने भी किया समर्थन का आह्वान

बैठक में राजकीय शिक्षक संघ रुद्रप्रयाग के जिला अध्यक्ष आलोक रौथाण ने कहा कि प्रांतीय महामंत्री संगठन का महत्वपूर्ण पद है और ऐसे प्रतिनिधि का चयन होना चाहिए जो शिक्षकों के लिए सहज उपलब्ध हो तथा उनकी समस्याओं को समझता हो। जनपदीय मंत्री शंकर भट्ट ने भी शिक्षक हितों से जुड़े मामलों में कुलदीप कंडारी की भूमिका का उल्लेख किया।

बैठक को पूर्व जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन रावत, जिला उपाध्यक्ष शीशपाल पंवार, मंडलीय संयुक्त मंत्री आशीष शुक्ला, कुसुम भट्ट, विमला राणा, परवीण घिल्डियाल, पंकज भट्ट, शैलेंद्र राणा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता अजय भट्ट ने किया। बैठक में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें

About The Author

Leave a Comment