मसूरी। मसूरी-धनौल्टी मार्ग स्थित एक होमस्टे में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में मसूरी पुलिस ने गैर-जमानती वारंट (NBW) के आधार पर आरोपी को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट, मसूरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला, देहरादून भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार थाना मसूरी में दर्ज मुक़दमे की विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर न्यायिक मजिस्ट्रेट, मसूरी ने आरोपी सोमयाजुला चरण, निवासी मधु विहार, पूर्वी दिल्ली के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। वारंट के अनुपालन में पुलिस ने उसे नई दिल्ली से गिरफ्तार किया।
15 जून को होमस्टे में मिली थी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
पुलिस के मुताबिक 15 जून 2026 को चौकी बाटाघाट क्षेत्र के अंतर्गत टिपरीधार (मसूरी-धनौल्टी रोड) स्थित कियाना होमस्टे में ठहरी पारुपुडी राधा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद मसूरी पुलिस ने मामले की वैज्ञानिक और निष्पक्ष जांच शुरू की।
पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों द्वारा जताए गए संदेह और विवेचना के दौरान अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी मसूरी द्वारा की जा रही है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर नियमानुसार की जाएगी।
इसे भी पढ़ें
- रुद्रप्रयाग में दो सरकारी स्कूलों में तोड़फोड़, पुलिस जांच में जुटी
- चारधाम यात्रा पर मानसून का असर, श्रद्धालुओं की संख्या में आई कमी
- टिहरी के घनसाली में 30 भवनों को खाली करने के निर्देश
