Rudraprayag News Today: रेखा आर्य ने नियुक्ति पत्र वितरित कर बढ़ाया महिलाओं का हौसला

Spread the love

Rudraprayag News Today: उत्तराखंड के ग्रामीण विकास की नींव कही जाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को शुक्रवार को एक बड़ी सौगात मिली। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने रूद्रप्रयाग जिले की 202 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

WhatsApp Image 2025 06 20 at 13.49.11

मंत्री रेखा आर्य ने कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेवाएं केवल रोजगार नहीं बल्कि सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि राज्यभर में आंगनबाड़ी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कुल 7052 पदों पर नियुक्तियां की गई हैं, जिनमें 722 कार्यकत्रियां और 6330 सहायिकाएं शामिल हैं।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में ऐतिहासिक वृद्धि की गई है, जिससे उन्हें न केवल आर्थिक संबल मिला है बल्कि समाज में सम्मान भी बढ़ा है। मंत्री ने यह भी बताया कि अब विभाग में उच्च शिक्षित बेटियां भी शामिल हो रही हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतरीन सेवाएं दे रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि हर गांव और हर घर तक मातृ एवं बाल कल्याण योजनाओं को पहुंचाना सरकार का उद्देश्य है। रेखा आर्य ने सभी नवनियुक्त कार्यकत्रियों व सहायकों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें संवेदनशीलता, समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस कार्यक्रम में रूद्रप्रयाग के 15 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 188 सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम में उत्तराखंड महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Comment