बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी: आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार, SIT जांच के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

चमोली। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की थाली भेंट से जुड़ी बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामला नए मोड़ पर पहुँच गया है।  रविवार देर रात वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) की जांच के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के कार्मिक प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक 8 जुलाई को बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान ने कोतवाली बदरीनाथ में तहरीर देकर बताया था कि 2 जुलाई को थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की जानकारी मिलने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष के निर्देश पर विभागीय जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल पर थाली भेंट की धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को कथित रूप से निजी हित में ले जाने का संदेह सामने आया।

SIT गठित कर शुरू की गई जांच

श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक महादेव प्रसाद उनियाल को सौंपी गई।

CCTV फुटेज और गवाहों के बयान बने जांच का आधार

पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, संबंधित गवाहों के बयान दर्ज किए गए और 2 जुलाई की थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया गया। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान प्राप्त फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पर्याप्त प्रमाण मिले।

जांच में पुलिस के अनुसार आरोपी पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर के पैकेट को कथित रूप से अवैध रूप से अपने कब्जे में लेने के आरोप हैं। इन आरोपों की जांच जारी है।

पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज; 25 जून को भी नोटों की गड्डी ले जाते दिखा आरोपी नौटियाल

बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे में हेराफेरी के मामले की पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने 25 जून की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें भी आरोपी नोटों की गड्डी ले जाते हुए दिख रहा है। पुलिस ने बीकेटीसी से मामले की आंतरिक जांच रिपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज कब्जे में ले लिए हैं।

देहरादून से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गठित टीम ने 12 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी प्रमोद नौटियाल को उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इसे भी पढ़ें

उत्तराखंड से जुडी तमाम जानकारी और पल-पल की घटना के लिए हमारे फेसबुक पेज फॉलो करें, और घूमने का शोक है तो हमारे ट्रेवल व्लॉगस भी पढ़ें।

About The Author

Leave a Comment