Uttarakhand News

रुद्रप्रयाग जनपद के विकास खंड अगस्त्यमुनि के ग्राम तूना में आयोजित हुआ जन संवाद एवं जनता दरबार, ग्रामीणों की समस्याएँ दर्ज

रुद्रप्रयाग जनपद के विकास खंड अगस्त्यमुनि के ग्राम तूना में आयोजित हुआ जन संवाद एवं जनता दरबार, ग्रामीणों की समस्याएँ दर्ज

रुद्रप्रयाग जनपद के विकास खंड अगस्त्यमुनि के अंतर्गत आने वाले दूरस्थ ग्राम तूना में आज जन संवाद एवं जनता दरबार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता प्रभागीय वनाधिकारी रुद्रप्रयाग कल्याणी और जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर ने की। इस मौके पर अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं और उन्हें संबंधित विभागों तक प्रेषित करने का आश्वासन दिया।

जन संवाद में सबसे अधिक शिकायतें जल जीवन मिशन से जुड़ी रहीं। ग्रामीणों ने कहा कि गाँव में पानी संग्रहण हेतु टैंक तो बना दिया गया है, लेकिन पाइपलाइन डालने का कार्य अधूरा है। इसके चलते लोगों को अब भी दूर के प्राकृतिक स्रोतों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। उन्होंने पुरानी पेयजल लाइनों के सुधार की भी मांग की। इसी तरह किसानों ने सिंचाई विभाग से खेतों की सिंचाई के लिए कूलों के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बिजली आपूर्ति सामान्य है, लेकिन कई स्थानों पर तारें पेड़ों पर लटकी हुई हैं और कहीं-कहीं टूटी भी पड़ी हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने तारों की मरम्मत और पेड़ों की छंटाई शीघ्र कराने की मांग रखी। इसके अलावा पीएमजीएसवाई के तहत सड़क निर्माण में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा न मिलने की समस्या भी उठाई गई।

स्वास्थ्य सेवाओं और खाद्यान्न आपूर्ति को लेकर ग्रामीण संतुष्ट दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता नियमित स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराती हैं और सरकारी राशन भी समय पर मिल रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उनकी समस्याओं का समाधान तेज़ी से होता है तथा ग्रामीण विकास को गति मिलती है।

इस अवसर पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता से परीक्षण कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से संबंधित पुस्तिका वितरित की गई और इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुँचे और प्रशासन इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

जन संवाद कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी कल्याणी, डीएचएमओ डॉ. सोमन सिंह, ग्राम प्रधान उषा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू देवी, वरिष्ठ सहायक होम्योपैथिक सुभाष चौहान, ग्राम विकास अधिकारी सुशील मैठाणी, पंचायत विकास अधिकारी विवेक सोलंकी, उद्यान विभाग से हेमंती पंवार, सुरेंद्र बिष्ट, भगत सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रुद्रप्रयाग: नदी–नालों से तीन दिन में हटाएँ अवैध अतिक्रमण, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

अगर आपको  उत्तराखंड से सम्बंधित यह पोस्ट अच्छी  लगी हो तो इसे शेयर करें साथ ही हमारे Facebook | Twitter | Instagram व | Youtubeको भी सब्सक्राइब करें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *