Rudrapur News: ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर में बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने एक रिटायर्ड कर्नल के परिवार की कार रुकवाई और फिर उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने तमंचा लहराकर धमकाया, सोने की चेन लूट ली और कार के शीशे तोड़ दिए। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

शादी से लौट रहा था परिवार
पंजाब निवासी रिटायर्ड कर्नल साधू सिंह बाजवा के अनुसार, 25 नवंबर की रात उनका बेटा सुखमन सिंह अपनी पत्नी, मां, बहन और मौसी के साथ गदरपुर के केशवगढ़ में एक विवाह समारोह से लौट रहा था। रात करीब 11:25 बजे बिगवाड़ा गेट पर कुछ लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने उनकी कार रुकवाई।
पीछा करके घेरा, फिर किया हमला
शक होने पर सुखमन ने कार आगे बढ़ा दी, लेकिन चार-पांच बाइक और स्कूटी सवार हमलावरों ने उनका पीछा किया और प्रबल ग्रीन के पास घेर लिया। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी, सुखमन के गले से सोने की चेन छीन ली और कार में बैठी महिलाओं से भी छीना-झपटी की। हमलावरों ने कार के पांच शीशे तोड़ दिए। परिवार ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
पुलिस को दी तहरीर
पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान की उम्मीद की जा रही है।
रात में सफर करते समय रखें सावधानी
- सुनसान जगह पर अनजान लोगों के कहने पर गाड़ी न रोकें।
- संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत 112 पर पुलिस को सूचना दें।
- रात के सफर में अपनी लोकेशन परिजनों से साझा करें।
