रुद्रप्रयाग/बसुकेदार। रुद्रप्रयाग जिले के बसुकेदार तहसील क्षेत्र में अज्ञात लोगों ने दो सरकारी विद्यालयों में देर रात तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पाटियूं और राजकीय प्राथमिक विद्यालय जोला बड़ेथ की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पाटियूं का नया भवन निर्माणाधीन होने के कारण उसकी कक्षाएं फिलहाल राजकीय प्राथमिक विद्यालय जोला बड़ेथ में संचालित की जा रही हैं। इसी परिसर में जूनियर हाईस्कूल का कार्यालय भी संचालित हो रहा है।
खिड़कियां तोड़कर स्कूल में घुसे अज्ञात लोग
शुक्रवार देर रात अज्ञात लोगों ने विद्यालय की खिड़कियां तोड़कर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद कार्यालय में रखे दो स्मार्ट टीवी, प्रिंटर, सिंटेक्स टैंक समेत अन्य सरकारी सामग्री को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं प्राथमिक विद्यालय के कार्यालय की खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचाया गया। जूनियर हाईस्कूल की प्रधानाध्यापिका सुमति रावत ने बताया कि शुक्रवार को विद्यालय का अवकाश था। शनिवार सुबह विद्यालय पहुंचने पर तोड़फोड़ की जानकारी मिली। इसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सूचना देने के साथ ही कोतवाली गुप्तकाशी में शिकायत दर्ज कराई गई।
घटना की सूचना मिलने पर शनिवार को पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान के प्रयास में जुटी है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
ग्राम प्रधान जोला दीपा नेगी और बड़ेथ तालजामण के प्रधान दिनानाथ ने बताया कि पिछले वर्ष भी प्राथमिक विद्यालय का दरवाजा तोड़कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया था। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति जनता के पैसे से खरीदी जाती है और उसे नुकसान पहुंचाना पूरे समाज के हितों पर प्रहार है।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर आरोपियों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इसे भी पढ़ें
- रुद्रप्रयाग- घोलतीर-नगरासू के पास रेलवे निर्माण कंपनी के बैचिंग प्लांट में लगी आग, आधे घंटे में पाया काबू
- Kedarnath Yatra in Monsoon: बरसात में केदारनाथ जाना कितना सेफ है? जानिए सड़कों का हाल और ज़रूरी टिप्स
- रुद्रप्रयाग- शहर की नौकरी छोड़ गांव लौटे दिनेश सिंह चौधरी, ट्राउट पालन से हर साल कमा रहे 5 लाख रुपये
- Kedarnath Yatra: लगातार बारिश से यात्रा धीमी, शनिवार को 1751 श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन
