Uttarakhand News

केदारनाथ यात्रा में दर्दनाक हादसा, बोलेरो पर गिरा बोल्डर – दो की मौत, नौ घायल

केदारनाथ यात्रा में दर्दनाक हादसा, बोलेरो पर गिरा बोल्डर – दो की मौत, नौ घायल

रुद्रप्रयाग। भगवान केदारनाथ के दर्शनों को निकले श्रद्धालुओं की यात्रा सोमवार सुबह मातम में बदल गई। सोनप्रयाग–गौरीकुंड मार्ग पर स्थित मुनकटिया स्लाइडिंग जोन में अचानक पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डर ने एक मैक्स बोलेरो (UK 11 TA 1100) को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन में 11 लोग सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे का शिकार हुए सभी यात्री उत्तरकाशी जिले के बड़कोट तहसील के ग्राम स्यालव निवासी बताए जा रहे हैं। ये लोग देव डोली के साथ केदारनाथ धाम दर्शन को निकले थे। परिवार और ग्रामीणों का यह श्रद्धाभाव से भरा सफर सुबह करीब 7:15 बजे अचानक हुए हादसे से चीख–पुकार में बदल गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुँचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। घायलों को पहले सोनप्रयाग अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग रेफर कर दिया गया। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण एंबुलेंस को दुर्गाधार–चोपता होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ा, जिससे रेस्क्यू और भी कठिन हो गया।

हादसे में घायल हेमराज पंवार के परिजनों ने बताया कि वे सभी श्रद्धापूर्वक यात्रा कर रहे थे। तभी अचानक पहाड़ी से बोल्डर गिरा और कुछ ही सेकंड में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। उन्होंने प्रशासन से बेहतर इलाज की व्यवस्था और आर्थिक मदद की मांग की है।दुर्घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता लक्ष्मण रावत अस्पताल पहुँचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने प्रशासन से उपचार की उचित व्यवस्था करने की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुनकटिया क्षेत्र हमेशा से ही स्लाइडिंग जोन के रूप में संवेदनशील रहा है, ऐसे में बार-बार होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए यहाँ स्थायी समाधान की आवश्यकता है।

मुनकटिया स्लाइडिंग जोन में पत्थर की चपेट में आया मैक्स वाहन, 2 की मौत, 3 घायल

अगर आपको  उत्तराखंड से सम्बंधित यह पोस्ट अच्छी  लगी हो तो इसे शेयर करें साथ ही हमारे Facebook | Twitter | Instagram व | Youtubeको भी सब्सक्राइब करें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *