रुद्रप्रयाग। स्वयंसेवी संस्था टीम ओरोफाइल्स द्वारा केदारनाथ धाम में दो दिवसीय स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने केदारनाथ मंदिर परिसर, भैरवनाथ मंदिर क्षेत्र और पैदल यात्रा मार्ग पर सफाई अभियान संचालित कर 30 से अधिक बैग कूड़ा एकत्र किया।
संस्था के सदस्य हर्षपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि टीम पिछले एक वर्ष से केदारनाथ के प्रमुख धार्मिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चला रही है। इसी क्रम में आयोजित दो दिवसीय विशेष अभियान में बच्चों और महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
अभियान के तहत स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ का संदेश देते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा कूड़े को निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया। टीम ने मंदिर परिसर के साथ ही भैरवनाथ मंदिर क्षेत्र और यात्रा मार्ग पर फैले कचरे को एकत्र कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
हर्षपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि केदारनाथ धाम की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक यात्री और स्थानीय व्यक्ति स्वच्छता के प्रति जागरूक रहे तो धाम की प्राकृतिक सुंदरता और पवित्रता लंबे समय तक सुरक्षित रखी जा सकती है।
अभियान में श्वेता, रवीना, निशु, कुनाल, ऋतुराज, अंशुल, आव्या, अक्षिता, मानसी, विद्या, दीया सजवाण और पूनम बिष्ट सहित कई स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है।

Leave a Reply Cancel reply