हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन ने बुधवार को लक्सर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मावा निर्माण इकाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने खरंजा कुतुबपुर में छापेमारी कर बिना वैध खाद्य लाइसेंस संचालित दो मावा निर्माण प्रतिष्ठानों को बंद कराने की कार्रवाई की। दोनों इकाइयों के खिलाफ नोटिस जारी कर अग्रिम आदेश तक सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अपर आयुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में तहसील प्रशासन, खाद्य सुरक्षा विभाग और लक्सर थाना पुलिस शामिल रही। जांच के दौरान कुरबान पुत्र छब्बर और इलियास पुत्र असरफ की ओर से बिना फूड लाइसेंस मावा निर्माण और दूध विक्रय किए जाने की पुष्टि हुई। निरीक्षण के दौरान आवश्यक अभिलेख और अनिवार्य दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके।
टीम ने दोनों इकाइयों से प्रयोगशाला जांच के लिए मावा निर्माण में उपयोग किए जा रहे दूध के तीन नमूने भी लिए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिना वैध लाइसेंस खाद्य निर्माण इकाई संचालित करने और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत न करने के आरोप में दोनों संचालकों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
छापेमारी टीम में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, तहसीलदार लक्सर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन तथा लक्सर थाना पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खाद्य निर्माण और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
