Rudraprayag News: हरेला पर जिले में लगेंगे 6.60 लाख पौधे, संरक्षण पर रहेगा विशेष फोकस

Spread the love

Rudraprayag News: हरेला पर्व के अवसर पर रुद्रप्रयाग जिले में इस वर्ष बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 6 लाख 60 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के तहत 16 जुलाई को हरेला पर्व पर 30 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा, जबकि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 6 लाख 30 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इस बार प्रशासन ने पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण और नियमित निगरानी पर भी विशेष जोर दिया है।

वन विभाग को अभियान का नोडल विभाग बनाया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों और अन्य सरकारी कार्यालयों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पौधरोपण के लिए विभागों को 50 प्रतिशत फलदार और शेष छायादार एवं स्थानीय प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।

पौधे लगाने के साथ संरक्षण की भी होगी जिम्मेदारी

सोमवार को जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि पौधरोपण केवल औपचारिकता न रहे। लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख, सुरक्षा और निगरानी भी सुनिश्चित की जाए ताकि अधिक से अधिक पौधे जीवित रह सकें।

उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का जन अभियान है। इसमें सरकारी विभागों के साथ आम लोगों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिलेगा बढ़ावा

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष हरेला अभियान के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को भी व्यापक रूप से चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है। जिलेभर में सरकारी विभागों, विद्यालयों, पंचायतों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी से अभियान संचालित किया जाएगा।  ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 6 लाख 30 हजार पौधे लगाए जाएंगे।

क्या बोले अधिकारी?

उप प्रभागीय वनाधिकारी (एसडीओ) देवेंद्र सिंह पुंडीर ने कहा कि हरेला प्रकृति से जुड़ने का पर्व है। पौधरोपण के साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने और लगाए गए पौधों की देखभाल करने की अपील की।

 

इसे भी पढ़ें

 

उत्तराखंड से जुडी तमाम जानकारी और पल-पल की घटना के लिए हमारे फेसबुक पेज फॉलो करें, और घूमने का शोक है तो हमारे ट्रेवल व्लॉगस भी पढ़ें।

About The Author

Leave a Comment