रुद्रप्रयाग। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सदस्यों ने वर्चुअल बैठक आयोजित कर समिति की कार्यप्रणाली, चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं और हाल के दिनों में समिति पर लगाए जा रहे आरोपों पर चर्चा की। बैठक में सदस्यों ने आरोपों को निराधार बताते हुए मंदिर समिति की उपलब्धियों पर भी ध्यान देने की अपील की।
वरिष्ठ सदस्य महेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन और सदस्य दिनेश डोभाल के संयोजन में आयोजित बैठक में मानसून के दौरान सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित चारधाम यात्रा, मंदिर समिति की व्यवस्थाओं तथा विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
यात्रा भत्ता को लेकर लगाए गए आरोपों का किया खंडन
बैठक में सदस्यों ने यात्रा भत्ता को लेकर लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि समिति के सदस्यों को बोर्ड एक्ट के प्रावधानों के अनुसार बैठक, निरीक्षण और अन्य अधिकृत कार्यों के लिए नियमानुसार यात्रा भत्ता दिया जाता है। उनका कहना था कि इसे अनावश्यक विवाद का विषय बनाया जा रहा है।
चढ़ावा चोरी मामले की जांच पर जताया भरोसा
बैठक में सदस्यों ने कहा कि केदारनाथ धाम में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने तत्काल संबंधित कर्मचारी को निलंबित कर आंतरिक जांच शुरू कराई थी। साथ ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर गढ़वाल आयुक्त की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय जांच समिति मामले की जांच कर रही है। सदस्यों ने कहा कि जांच पूरी होने तक सभी पक्षों को धैर्य रखना चाहिए।
आधुनिक तकनीक अपनाने की जरूरत बताई
बैठक में सदस्य दिनेश डोभाल ने कहा कि मंदिर समिति को यात्रा प्रबंधन, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए आधुनिक तकनीकों का अधिक उपयोग करना चाहिए। वहीं राजपाल जड़धारी ने ऋषिकेश में समिति कार्यालय संचालित होने से यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का उल्लेख किया।
उपलब्धियों को भी सामने लाने की मांग
सदस्यों ने कहा कि मंदिर समिति की सकारात्मक पहल और कर्मचारियों के कार्यों को भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि केवल आरोपों से जुड़ी खबरें सामने आने से समिति की छवि प्रभावित होती है।
बैठक में राजेंद्र डिमरी, प्रह्लाद पुष्पवान, डॉ. विनीत पोस्ती, राकेश भंडारी, कमला बगवाड़ी सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार रखे। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को बीकेटीसी सदस्यों की वर्चुअल बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही राकेश भंडारी को बदरीनाथ धाम और डॉ. विनीत पोस्ती को केदारनाथ धाम से जुड़े विषयों पर समिति की ओर से अधिकृत किया गया।
इसे भी पढ़ें
- केदारनाथ रोपवे को लेकर 19 जुलाई को गुप्तकाशी में महापंचायत
- Kedarnath Ropeway: रोजगार के मुद्दे पर 19 जुलाई को गुप्तकाशी में महापंचायत
- मानसून के बीच अलर्ट पर रुद्रप्रयाग, 36 हेलीपैड और SOS नेटवर्क तैयार
- रुद्रप्रयाग में दो सरकारी स्कूलों में तोड़फोड़, पुलिस जांच में जुटी
उत्तराखंड से जुडी तमाम जानकारी और पल-पल की घटना के लिए हमारे फेसबुक पेज फॉलो करें, और घूमने का शोक है तो हमारे ट्रेवल व्लॉगस भी पढ़ें।
