Tehri News: घनसाली में 30 भवनों पर खतरा, लगातार बारिश के बीच नगर पंचायत ने जारी किए नोटिस

Spread the love

घनसाली (टिहरी)। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच टिहरी जिले के घनसाली कस्बे में भिलंगना नदी किनारे स्थित 30 भवनों को असुरक्षित घोषित किया गया है। संभावित आपदा को देखते हुए नगर पंचायत घनसाली ने भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए हैं।

नगर पंचायत के अनुसार लगातार बारिश के कारण भिलंगना नदी का जलस्तर बढ़ने और भू-क्षरण की आशंका को देखते हुए नदी किनारे स्थित भवनों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 30 भवनों की स्थिति अत्यंत जोखिमपूर्ण पाई गई, जिसके बाद एहतियातन उन्हें खाली कराने की कार्रवाई शुरू की गई।

नदी किनारे बने मकानों पर हमेशा बना रहता है खतरा

स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। भिलंगना नदी के किनारे बने कई मकान लंबे समय से खतरे की जद में हैं। उनका कहना है कि उत्तरकाशी की तर्ज पर नदी किनारे बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित भवनों पर नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं।

नोटिस के बाद भी भवन नहीं छोड़ा तो स्वयं होगी जिम्मेदारी

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संजय कापड़ी ने बताया कि संबंधित भवनों में किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। इसलिए भवन स्वामियों और उनके परिवारों को अपने संसाधनों से तत्काल सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित होने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि नोटिस जारी होने के बाद भी यदि कोई व्यक्ति असुरक्षित भवन में रहता है और भविष्य में किसी प्रकार की जन-धन की हानि होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की स्वयं की होगी।

नगर पंचायत ने सभी प्रभावित परिवारों से जनहित और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन के निर्देशों का तत्काल पालन करने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

इसे भी पढ़ें

About The Author

Leave a Comment