रुद्रप्रयाग। घोलतीर-नगरासू के पास रेलवे निर्माण कार्य में लगे एक बैचिंग प्लांट में शुक्रवार शाम अचानक आग लग गई। आग लगते ही प्लांट से ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, कंपनी के कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और करीब आधे घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले बैचिंग प्लांट को दिनभर के संचालन के बाद शाम करीब पांच बजे बंद किया जा रहा था। इसी दौरान प्लांट के बेस हिस्से को गैस वेल्डिंग से काटने का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक आग लग गई और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं।
आरवीएनएल के उप महाप्रबंधक (सिविल) ओ.पी. मालगुडी ने बताया कि गैस वेल्डिंग के दौरान प्लांट के बेस हिस्से में आग लगी थी। कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया और करीब आधे घंटे में स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
