Uttarakhand Mein Tarai-Bhabar Ka Itihas: उन्नीसवीं सदी से पहले उत्तराखण्ड का ज़्यादातर इतिहास पहाड़ों का इतिहास है, जिसमें बीच-बीच में ही तराई-भाबर की बस्तियों का ज़िक्र आता है। लेकिन पहाड़ों की तलहटी में फैले इस इलाके के घने जंगलों में आज भी कई पुरानी बस्तियों के खंडहर मिलते हैं, और लोकगाथाओं में इसके कई बार बसने और उजड़ने की कहानियाँ हैं। इसलिए उत्तराखण्ड के इतिहास को पूरा समझने के लिए तराई-भाबर का इतिहास जानना ज़रूरी है।
इस लेख में हम आसान भाषा में जानेंगे कि तराई और भाबर क्या हैं, यहाँ के मूल निवासी कौन हैं, प्रागैतिहासिक काल से गुप्त काल तक यहाँ क्या हुआ, बाहरी आक्रमणों और मुग़ल काल में इस इलाके की क्या स्थिति रही, और ब्रिटिश काल में इसका विकास कैसे हुआ। यह लेख UKSSSC, UKPSC और उत्तराखण्ड की दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी उपयोगी है। (भूगोल के लिए पढ़ें: उत्तराखण्ड का भूगोल एवं पर्यावरण)
तराई-भाबर का भूगोल – (Geography)
- यह क्षेत्र हिमालय की बाहरी पर्वतमालाओं की तलहटी में पश्चिम में जम्मू-कश्मीर से पूर्व में ब्रह्मपुत्र तक दो पतली पट्टियों के रूप में फैला है।
- उत्तराखण्ड में: पश्चिम में फीका नदी से पूर्व में शारदा नदी तक, 8 से 25 किमी चौड़ी पट्टी। पश्चिम में यह कम चौड़ी है और पूर्व की ओर चौड़ी होती जाती है।
| भाबर | तराई | |
|---|---|---|
| कहाँ | पहाड़ों से लगा ऊपरी भाग | भाबर के नीचे का समतल भाग (लगभग 25 किमी चौड़ा) |
| कैसे बना | पहाड़ी नदियों द्वारा लाए गए गोल-मटोल पत्थर, रेत, बजरी और ऊपर मिट्टी की पतली परत से | बरसात में लाई गई जलोढ़ मिट्टी और भाबर में ज़मीन के नीचे गई नदियों के दोबारा बाहर निकलने से |
| पानी | नदियों का पानी पत्थरों के नीचे रिस जाता है, इसलिए बरसात छोड़कर लगभग सूखा | पानी ज़्यादा, ज़मीन ज़्यादातर दलदली |
| वनस्पति | साल, शीशम, खैर जैसे चौड़ी पत्ती वाले घने जंगल | पेड़ों से ज़्यादा झाड़ियाँ और ऊँची घास |
बिशप हैबर ने लिखा था: “यहाँ घास इतनी ऊँची है कि उसके आगे मकान भी बौने लगते हैं।”
नाम कैसे पड़ा? (Naming)
- भाबर: इसके कई अर्थ बताए जाते हैं: भब्बड़ या ऊबड़-खाबड़ ज़मीन; बिना पानी के घने जंगलों में यात्रियों के भटक जाने से कुमाऊँनी में भटकने के लिए “भाबर भबरीण” शब्द; या लोगों के सिर्फ़ खाने-कमाने के लिए बसने के कारण कोई अपनी अलग संस्कृति न होना।
- तराई: “तर” यानी पानी की अधिकता, और कुमाऊँनी में “तिराई” यानी अपेक्षाकृत नीचा क्षेत्र।
- पुराने नाम: प्राचीन काल में तराई के एक भाग का नाम तीरभुक्ति (तराई की जागीर) मिलता है। नित्यानन्द मिश्र के अनुसार यह उपजाऊ प्रदेश कूर्मांचल में “मध्यदेश” कहलाता था। इसे “मढ़ौ की माल” या सिर्फ़ “माल” भी कहते थे। कुछ विद्वान “माल” को फ़ारसी “महाल” का रूप मानते हैं।
मूल निवासी: थारू और बोक्सा (Original Inhabitants)
- तराई में बहुत पुराने समय से थारू और बोक्सा जनजातियाँ बसी हैं, लेकिन ये कब आईं, इस पर इतिहास चुप है।
- थारू मानते हैं कि उनके पूर्वज हल्दीघाटी में राणा प्रताप की हार के बाद राजस्थान से यहाँ आए।
- बोक्सा खुद को धारानगरी से आया मानते हैं, लेकिन उनकी गोल चेहरा, हल्की चपटी नाक और सपाट आँखों वाली शक्ल उन्हें हिमालय की किरात जाति का वंशज बताती है। विद्वानों के अनुसार हिमालय में खशों के आने के बाद किरात या तो ऊँचे पहाड़ों में चले गए या तराई के जंगलों में आ गए।
- डबराल के अनुसार गढ़वाल भाबर के बोक्सा, देहरादून भाबर के मिहिर, और अम्बाला, होशियारपुर, कांगड़ा से जम्मू तक के गिरथ, चाङ या बाती, सब उसी थारू जाति के सगोत्रीय भाई हैं।
तराई-भाबर के इतिहास के स्रोत – (Sources)
- साहित्यिक स्रोत: पालि जातकों में कोशी नदी और खैर के जंगल; महाभारत के वन पर्व में कालशैल, गंगा, यमुना; पाणिनि की अष्टाध्यायी में कालकूट और उशीनर जनपद; पतंजलि के महाभाष्य में सुघ्न नगर; कालिदास के अभिज्ञान शाकुन्तलम् में कण्वाश्रम और मालिनी नदी; कथासरित्सागर में कनखल और गंगाद्वार। (पढ़ें: साहित्यिक स्रोत)
- मुस्लिम इतिहासकार: इब्नबतूता ने कराचल, तैमूर ने गंगा तट पर “कुटिल दर्रा”, अबुल फ़ज़ल ने कुमाऊँ के बसन्तपुर का उल्लेख किया। आइन-ए-अकबरी में तराई को “सरकार कुमाऊँ” कहा गया है, जिसमें 21 महाल थे।
- यात्रा वृत्तान्त: ह्वेनसांग (मयूर, गोविषाण, ब्रह्मपुर), अलबरूनी की किताब-उल-हिन्द, विलियम फ़िंच, टैवर्नियर, बर्नियर, और 1824–25 में पादरी रेगनाल्ड हैबर, जिसने रुद्रपुर और भाबर के बमौरी गाँव का वर्णन किया।
- ब्रिटिश दस्तावेज़: ट्रेल का “स्टैटिस्टिकल स्केच ऑफ़ कुमाऊँ” (1828), एटकिंसन का गज़ेटियर, वाल्टन का देहरादून गज़ेटियर, नेविल का नैनीताल गज़ेटियर। पन्नालाल ने “कस्टमरी लॉ ऑफ़ कुमाऊँ” में थारू-बोक्सा के रीति-रिवाजों का वर्णन किया।
- पुरातात्त्विक अवशेष: कालसी, जगतग्राम, बहादराबाद, वीरभद्र, मायापुर, मोरध्वज, पाण्डुवाला, लालढांग, उज्जैन (काशीपुर), ढिकुली और सेनापानी।
- बेहट का ख़ज़ाना (1834): सहारनपुर से 25 किमी उत्तर में बेहट में नहर की खुदाई के समय कैप्टन कोटिले को लगभग 20 फ़ीट गहराई में प्राचीन नगर और सिक्कों का भंडार मिला, जिसमें अमोघभूति की चाँदी-तांबे की मुद्राएँ, कुणिन्द, यौधेय और ग्रीक लिपि वाली कुषाण मुद्राएँ थीं।
- अभिलेख: कार्तिकेयपुर के राजा भूदेव की बागेश्वर प्रशस्ति में “जयकुलभुक्ति” और सहणपाल के बोधगया लेख में “शिवालिक पर्वतमाला” का उल्लेख है। चन्द दानपत्रों में छिनकी, मुडिया और बगसी परगनों के नाम हैं।
प्रागैतिहासिक तराई-भाबर – (Prehistoric Period)
- पाषाण युग: 1953 में डॉ. यज्ञदत्त शर्मा के निर्देशन में हरिद्वार के पास बहादराबाद में खुदाई हुई, जिसमें 20 फ़ीट गहराई पर पत्थर के औज़ार और हल्के लाल व गेरुए रंग के मिट्टी के बर्तन मिले। कुछ औज़ार सिन्धु की सहायक सोहन नदी घाटी जैसे हैं। डबराल के अनुसार यहाँ फ़्लेक्स, स्क्रैपर्स, चौपर्स, माइक्रोलिथ्स और तांबे के भाले, हार्पून मिलने से लगता है कि गंगाद्वार के आसपास बस्तियाँ प्रस्तर युग से ताम्र युग तक बनी रहीं।
- ताम्र युग: बहादराबाद में गंगा नहर की उपशाखा की खुदाई में मज़दूरों को भाले, कुल्हाड़ियाँ, तलवारें और तांबे के कड़े मिले। डबराल के अनुसार गेरुए बर्तन बनाने वाली इस जाति का अधिकार तब तक रहा, जब तक चित्रित धूसर भांड (Painted Grey Ware) बनाने वालों ने इस क्षेत्र पर कब्ज़ा नहीं कर लिया। (पढ़ें: उत्तराखण्ड में ताम्रमानवाकृति)
- हस्तिनापुर से तुलना: 100 किमी दक्षिण में हस्तिनापुर की खुदाई के आधार पर माना जाता है कि यहाँ के लोग भी समय के साथ गेरुए से धूसर बर्तन, कच्ची-पक्की ईंटों के घर, नालियाँ, धान की खेती और लोहे के औज़ार बनाना सीख गए होंगे।
प्राचीन तराई-भाबर (गुप्त युग तक) – (Early History)
1. प्राचीन मार्ग और “उत्तरपथ”
- पहले यहाँ इतने घने जंगल थे कि मैदान से पहाड़ तक पहुँचने का रास्ता सिर्फ़ नदी घाटियाँ थीं:
- शारदा से बरमदेव मंडी, नन्धौर से सेनापानी, गौला से शीतलाहाट, कोशी से गोविषाण और ब्रह्मपुर, रामगंगा से पाण्डुवाला और लालढांग, खोह से मोरध्वज और कोटद्वार, गंगा से चंडी पहाड़ी और गंगाद्वार, और यमुना से कालकूट (कालसी)।
- उत्तरपथ: ताम्रलिप्ति को उत्तर-पश्चिम के कपिशा और कंधार से जोड़ने वाले उत्तरपथ की एक शाखा तराई-भाबर से होकर गुज़रती थी। पानी, चारे और ठंडी जलवायु के कारण गर्मियों में ज़्यादातर सार्थवाह (व्यापारी काफ़िले) इसी रास्ते चलते थे।
- भरतसिंह उपाध्याय (बुद्धकालीन भारत) के अनुसार बुद्ध भी इसी मार्ग से उशीरगिरि पहुँचे थे।
2. प्राचीन बस्तियाँ और व्यापार
- यमुना घाटी: सुघ्न, कालकूट; गंगा घाटी: गंगाद्वार, कनखल; खोह: मोरध्वज; रामगंगा: पाण्डुवाला; कोशी: गोविषाण, ब्रह्मपुर; गौला: शीतलाहाट; नन्धौर: सेनापानी; शारदा: बरमदेव मंडी।
- असंकिय जातक के अनुसार घने जंगलों के कारण इन रास्तों पर चोर-डाकुओं का डर रहता था।
- व्यापार की चीज़ें: अंजन, लवण (तिब्बत का नमक, “भोटिया लूण”), मूँज और बाबड़ घास, कंबल, मृगचर्म, लाख, ऊन, भाँग के रेशे के कपड़े, बाँस-रिंगाल, स्वर्ण चूर्ण, भोटान्तिक घोड़े, सुहागा, शहद और गंगाजल। कौटिल्य ने उत्तर के म्लेच्छों से आने वाले अच्छे कंबलों और चर्मों का ज़िक्र किया है।
3. धार्मिक स्थिति
- बौद्ध धर्म: डबराल के अनुसार कनखल के पास अहोगंग (चंडी पहाड़ी) में बौद्ध विहार थे, जिन्हें कुणिन्द शासकों का संरक्षण था। कुणिन्द सिक्कों पर बौद्ध वेष्ठिनी, त्रिरत्न और बोधिवृक्ष बने हैं।
- कालसी में अशोक का चौदहवाँ शिलालेख बताता है कि यह मौर्य काल में महत्वपूर्ण नगर था।
- मयूरगिरि: गंगा से रामगंगा तक फैली पर्वतमाला, जिसकी तलहटी में मयूर नगर (ह्वेनसांग का “मो-यू-लो”) बसा था। कोटद्वार के पास मोरध्वज स्तूप था।
- साँची के धातुपात्रों पर अहोगंग निवासी स्थविर मोग्गलिपुत्त तिस्स और हिमवन्त के आचार्यों के नाम हैं, यानी यहाँ के लोगों ने साँची स्तूप के लिए दान दिया था।
- ब्राह्मण धर्म: कालसी के पास जगतग्राम में दूसरी सदी में युगशैल के पौण वंशीय छठे राजा शीलवर्मन ने चार अश्वमेध यज्ञ किए।
4. राजनीतिक इतिहास
- कुलिन्द जनपद
- ईसा पूर्व चौथी सदी में सतलज, यमुना, गंगा और कालीगंगा का प्रदेश। टॉलमी ने इसे “कुलिन्द्राइन” कहा।
- डबराल के अनुसार इसका मुख्यालय पहले कालकूट (कालसी) और बाद में सुघ्न था। अमोघभूति सबसे शक्तिशाली कुलिन्द राजा था।
- पतंजलि के अनुसार सुघ्न नगर यमुना तट पर बसा था और उसका प्राकार (दीवार) इतना मज़बूत था कि पाटलिपुत्र को छोड़कर कोई नगर उसकी बराबरी नहीं करता था। वराहमिहिर ने कुलिन्द को श्रेष्ठ गणराज्य माना। (पढ़ें: उत्तराखण्ड में कुणिन्द मुद्रा)
- यवन, शक और कुषाण
- शुंगों और कुणिन्दों के बाद डेमेट्रियस और मेनेंडर के हमलों और शकों के समय भारी उथल-पुथल रही, जो कुषाणों के आने पर थमी।
- काशीपुर के पास गोविषाण और अल्मोड़ा के सोमेश्वर के पास कुषाण राजा वासुदेव की मुद्राएँ मिली हैं।
- डबराल के अनुसार कुषाणों ने रास्तों की सुरक्षा पर ध्यान दिया। नदियों पर बाँस के पुल बने और पाँच-पाँच सौ गाड़ियों वाले काफ़िले पाटलिपुत्र जाते थे।
- गोविषाण का मित्र वंश
- काशीपुर के पास उज्जैन (गोविषाण) के विशाल किले की ईंटों पर तीन मित्रवंशी राजाओं मातुमित्त, पिथिवीमित्त और एक अन्य के नाम हैं।
- किले के अवशेष 800 × 400 मीटर में फैले हैं। इसके पास बना सरोवर आज द्रोण सागर कहलाता है।
- गुप्तकालीन तराई-भाबर
- समुद्रगुप्त ने नाग राजाओं को हराया, और नाग राजा पहाड़ों में चले गए। गोपेश्वर के त्रिशूल लेख में अंशुनाग, विभुनाग, भवनाग और गणपति नाग के नाम हैं।
- हूणों के आक्रमण के बाद मंदसौर अभिलेख के अनुसार गंगा के स्रोत प्रदेश तक यशोधर्मन का राज्य हो गया।
गुप्तोत्तर युग – (Post-Gupta Period)
- कन्नौज राजनीति का केन्द्र बन गया। यमुना के पश्चिम में थानेश्वर के पुष्यभूति और पूर्व में कन्नौज के मौखरियों का राज था।
- गोपेश्वर के पास सिरोली के शिलालेख में कन्नौज के महाराजाधिराज सर्ववर्मन द्वारा बावड़ी बनवाने का उल्लेख है।
- हर्ष के समय: ह्वेनसांग ने तीन जनपदों का वर्णन किया, जिनके राजाओं के नाम नहीं लिखे, इसलिए ये हर्ष के साम्राज्य में माने जाते हैं:
- सुघ्न (सु-लु-किन-ना)
- स्थाणीश्वर से 400 ली (104 किमी) उत्तर-पूर्व, परिधि 6,000 ली (1,600 किमी)। पूर्वी सीमा पर गंगा, बीच में यमुना। आज का देहरादून इसी में था। यहाँ एक बड़ा बौद्ध मठ और अशोक का स्तूप था।
- ब्रह्मपुर (पो-लो-हि-मो-पु-लो)
- सुघ्न के उत्तर-पूर्व, परिधि 4,000 ली (1,070 किमी)। यहाँ तांबे और स्फटिक की खानें थीं, और इसके उत्तर में स्त्री राज्य (सुवर्णगोत्र) था।
- राजधानी पर मत: कनिंघम: लखनपुर-वैराटपट्टन; एटकिंसन और राहुल: बाड़ाहाट; पॉवेल प्राइस: कत्यूर घाटी; फ़्यूहरर और डबराल: पाण्डुवाला; सेंट मार्टिन और मुकुन्दीलाल: श्रीनगर; नित्यानन्द मिश्र और के.पी. नौटियाल: ढिकुली; ताराचन्द्र त्रिपाठी: द्वाराहाट के पास।
- ढिकुली (नैनीताल भाबर) के जंगलों में बिखरे अवशेषों से इसे शीतकालीन राजधानी माना जा सकता है।
- गोविषाण (कि-उ-पि-सु-आंग-ना)
- मतिपुर (मो-ती-पु-लो) से 400 ली (105 किमी) दक्षिण-पूर्व। परिधि 2,000 ली (540 किमी), राजधानी की परिधि 15–16 ली (4 किमी)।
- हरे-भरे जंगल और सरोवर, घनी और समृद्ध आबादी। यहाँ अशोक का स्तूप था, जहाँ बुद्ध ने एक महीने उपदेश दिया था, और दो स्तूपों में बुद्ध के केश और नख थे।
- कनिंघम ने इसकी राजधानी काशीपुर के पास उज्जैन गाँव मानी।
- कन्नौज के बाद: 647 ई. में हर्ष की मृत्यु के बाद 725 ई. में यशोवर्मन ने कन्नौज को फिर सुगठित किया। देवप्रयाग के आदिवर्मन, कल्याणवर्मन और तालेश्वर दानपत्रों के आधार पर इस युग में उत्तराखण्ड पर कन्नौज के वर्मन वंश का अधिकार माना जाता है। डबराल के अनुसार शायद कत्यूरी राज्य के संस्थापक मसन्तन देव भी यशोवर्मन के करद सामन्त थे। बाद में कार्तिकेयपुर राजाओं का राज्य बना, और कत्यूरी गाथाओं के आधार पर भाबर भी शायद उन्हीं के अधीन था। (पढ़ें: उत्तराखण्ड में कार्तिकेयपुर राजवंश)
बाहरी आक्रमणों का युग – (Age of Invasions)
- महमूद ग़ज़नवी (1001–1025): इसके हमले यमुना के पश्चिम, गंगा के दोआब और गुजरात तक सीमित रहे, लेकिन वहाँ के बहुत से लोग, राजवंशों के आयुधजीवी सैनिक समेत, भागकर तराई-भाबर और पहाड़ों में आ गए।
- दक्षिणी सीमा पर गढ़: हमलावर सहारनपुर और रुहेलखंड की ओर से छापे मारते थे, इसलिए पहाड़ी सामन्तों ने शिवालिक और भाबर में कई गढ़ बनाए, जैसे देहरादून के पास सुन्तोर गढ़, कोलागढ़, नालापानीगढ़ (खलंगागढ़), यमुना तट पर शेरगढ़, हरिद्वार-ऋषिकेश के बीच ननोरगढ़, लालढाँगगढ़, मोरध्वजगढ़, और पातलीदून, ढिकुली, पारकोट, कठौतिया, उज्जैन (काशीपुर), शीतलाहाट, बाड़ाखोड़ी, कालीचौड़ और सेनापानी।
- चौहानों का आगमन: मुहम्मद गोरी से पृथ्वीराज की हार के बाद चौहान सामन्तों ने गढ़वाल के निचले भागों और भाबर में शरण ली। डबराल के अनुसार 1160 से 1192 के बीच वे कई गढ़ों पर कब्ज़ा कर चुके थे। उनकी मूल भूमि अजमेर थी, इसलिए गढ़वाल के दक्षिण-पश्चिम में आज भी एक पट्टी का नाम अजमेर है।
- कटेहरी राजपूत: कटेहर यानी तराई के दक्षिण का रुहेलखंड। कटेहरी राजपूत इतने स्वतंत्रता प्रेमी थे कि बड़े-बड़े सुल्तान भी उन्हें नहीं जीत सके।
- 1254 में बलबन की सेना ने मायापुर के पास गंगा पार की और तकलाबाली में युद्ध हुआ।
- लगातार हमलों से विस्थापित होकर कटेहरी भाबर-तराई में बसने लगे। राहुल के अनुसार वे रामगंगा की दोनों घाटियों में खोह से किच्छा तक बस गए, और कटेहर की सीमा भाबर-तराई से मिल गई।
- सदियों से उजड़े जंगलों में खेत लहलहाने लगे और नए गाँव और बाज़ार बसे।
- फ़िरोज़ तुग़लक के समय कटेहर के मुकद्दम खड़गू ने सय्यद बंधुओं को मार डाला। बदला लेने के लिए फ़िरोज़ ने कटेहर का विध्वंस किया और खड़गू भागकर कुमाऊँ में छिप गया। फ़िरोज़ ने सम्भल के सूबेदार को हर साल “मशालें और तलवार लेकर” कटेहर का विध्वंस करने का आदेश दिया।
- ज्ञानचंद को तराई की जागीर: पहाड़ी लोग सर्दियों में पशु लेकर तराई-भाबर आते थे। कटेहरियों के बढ़ते असर से निपटने के लिए चन्द राजा ज्ञानचंद सुल्तान के दरबार गए, और सुल्तान ने उन्हें तराई की जागीर दी। (पढ़ें: उत्तराखण्ड में चन्दकालीन कुमाऊँ)
- मंगोल आक्रमण: बरनी के अनुसार अलाउद्दीन ख़िलजी के समय 1296 से 1308 के बीच मंगोलों ने सात बार हमला किया। इनमें दो हमलों में चंगेज़ ख़ाँ के वंशज अलीबेग और तरताक के नेतृत्व में 50,000 मंगोल सैनिकों ने दून और भाबर में लूटपाट और आगज़नी की।
- मुहम्मद तुग़लक का कराचल अभियान (1338): हिन्दुस्तान और चीन (तिब्बत) के बीच “कराचल” को जीतने भेजी गई सेना ने जिदिया नगर (शायद आज का चंडी) जलाया और लूटा। इब्नबतूता के अनुसार वहाँ कस्तूरी मृग मिलता था और वारंगल (शायद देवलगढ़) नगर था। शाही सेना की बड़ी दुर्दशा हुई, पर यहाँ के राज्य भी कमज़ोर हो गए।
- तैमूर का आक्रमण (1399): दिल्ली और मेरठ लूटकर तैमूर गंगाद्वार पहुँचा। शिवालिक के राजा की सेना ने कुटिल दर्रे (चंडी पहाड़ी) पर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन हार गई।
- ख़िज़्र ख़ाँ का आक्रमण (1414–1418): कटेहर के मुकद्दम हरीसिंह को दबाने के लिए सेना भेजी गई। 1418 में ताज-उल-मुल्क से हारकर हरीसिंह कुमाऊँ भागा, और शाही सेना ने तल्लादेश और भाबर में भारी लूटपाट की।
- इसके बाद कुछ दशक शांति रही और माल में फिर गाँव बसने लगे। चन्द राजा कीर्तिचंद ने पश्चिमी सीमा पर कीर्तिपुर नाम की नई चौकी बनाई।
मुग़ल काल में तराई-भाबर – (Mughal Period)
1. हुसैन ख़ाँ टुकड़िया के आक्रमण (1559 से)
- 1559 में अकबर ने हुसैन ख़ाँ टुकड़िया को काँठ-गोला (शाहजहाँपुर) का जागीरदार बनाया।
- बदायूँनी के अनुसार उसने सुना था कि राजा रैका के राज्य में सोने-चाँदी की खानें हैं, रेशम, कस्तूरी और तिब्बत की सारी चीज़ें मिलती हैं, और वहाँ से दो दिन में तिब्बत पहुँचा जा सकता है।
- उसने रैका राजा के वजराइल कस्बे और राजधानी अजमेर तक उजाड़ डाला, लेकिन लगातार बारिश से रसद और घास न मिलने पर लौटना पड़ा। लौटते समय स्थानीय लोगों ने पत्थरों और ज़हर बुझे तीरों से हमला किया। बचे हुए सैनिक कुछ दिनों बाद मलेरिया से मर गए।
- एटकिंसन ने रैका राजा की पहचान डोटी के राजा से, और टुकड़िया जिस मंडी तक पहुँचा उसकी पहचान बरमदेव मंडी से की है। उसका आख़िरी हमला पूर्वी दून के बसन्तपुर पर हुआ।
2. “चौरासी माल” और रुद्रचंद को तराई की सनद (1588)
- 1588 में रुद्रचंद राजा टोडरमल के पुत्र के ज़रिए अकबर के दरबार में पहुँचे। बादशाह ने उन्हें ननौरा दुर्ग के घेरे में भाग लेने को कहा। पहाड़ी सैनिकों की वीरता से ख़ुश होकर अकबर ने रुद्रचंद को “चौरासी माल” की सनद दी।
- नाम का कारण: शायद इसकी लम्बाई चौरासी कोस थी, इसलिए “चौरासी माल”, और यहाँ से नौ लाख रुपये राजस्व मिलता था, इसलिए “नौलखिया माल” कहलाया।
- रुद्रचंद तराई को स्थायी रूप से कुमाऊँ में मिलाने और कटेहरियों को नियंत्रित करने वाला पहला पहाड़ी शासक था। उसने रुद्रपुर बसाया और काशीनाथ अधिकारी ने काशीपुर बसाया।
- सात महाल: सहजगिर (जसपुर), कोटा (काशीपुर), मुडिया (बाजपुर), गदरपुर, बुक्साड़ (रुद्रपुर), बगसी (नानकमत्ता) और छिनकी (सरबना)।
3. कुमाऊँ सरकार (Sarkar Kumaon)
- अकबर के समय भाबर-तराई “कुमाऊँ सरकार” कहलाता था, जो चन्द राजाओं के अधीन मुग़ल साम्राज्य का एक उपविभाग (ज़िला) था। बदले में चन्द राजा बादशाह को भेंट और नज़राना देते थे।
- बी.एन. पुरी के अनुसार मुग़लों में दो तरह की सरकारें थीं: एक जिनमें बादशाह अधिकारी नियुक्त करता था, और दूसरी जो करद राजाओं के अधीन थीं।
- आइन-ए-अकबरी में कुमाऊँ सरकार के 21 महाल हैं। जिनकी पहचान हो पाई है:
| महाल | आज का नाम |
|---|---|
| आओदान | तराई का खेड़ी क्षेत्र (एटकिंसन) |
| बुकसी | बुक्साड़ या रुद्रपुर-किलपुरी क्षेत्र |
| भक्सा | तराई में बकसर का वन क्षेत्र |
| बस्तरा | शायद बस्तिया या टनकपुर क्षेत्र |
| पंचोतर | किच्छा तहसील में पचोरिया |
| भक्ति | नानकमत्ता का पुराना नाम |
| चटकी | किच्छा तहसील में चुकटी |
| जकराम | काशीपुर तहसील में जुर्का |
| चोली | शायद छिनकी |
| सहजगिर | जसपुर |
| गजरपुर | गदरपुर |
| द्वारकोट | ठाकुरद्वारा |
| मालाचौड़ | मालधनचौड़ |
| सीताचौड़ | सीतावनी या पारकोट और कोटाबाग |
| कमूस | शायद कोटा के दक्षिण में कमौला |
बाकी महाल (भेंकेंडेवार, भूरी, रतीला, जरदाह, जावन, मालवाड़ा) की पहचान अस्पष्ट या अनुमान पर आधारित है।
4. बाजबहादुर चंद को तराई की सनद
- रुद्रचंद के बाद चन्द राजा आपसी झगड़ों में उलझे रहे, और कटेहरियों ने मुग़ल जागीरदारों की मदद से सीमा के गाँव कब्ज़ा लिए।
- बाजबहादुर चंद ने शाहजहाँ से फ़रियाद की। गढ़वाल अभियान में मदद के बाद चौरासी माल पर उनका अधिकार पक्का हुआ, और सम्भल के सूबेदार रुस्तम ख़ाँ ने कटेहरियों को भगा दिया। शाहजहाँ के फ़रमान में बाजबहादुर को “कुमाऊँ का ज़मींदार” कहा गया।
- उन्होंने बाजपुर नगर बसाया। बाजपुर का अधिकारी सर्दियों में बाजपुर और गर्मी-बरसात में कोटा में, और रुद्रपुर का अधिकारी सर्दियों में रुद्रपुर और गर्मी-बरसात में रानीबाग के पास बाड़ाखोड़ी में रहता था। कहा जाता है कि तब तराई के हर बीघे में खेती होती थी।
5. शाही सेना का कब्ज़ा और वापसी (1665–1673)
- बिना अनुमति गढ़वाल पर हमले और अकूत सम्पत्ति की अफ़वाह के कारण औरंगज़ेब की सेना ने 1665 में तराई-भाबर पर कब्ज़ा कर लिया और आठ साल तक डटी रही।
- अक्टूबर 1673 में नवाब वज़ीर अलीवर्दी ख़ाँ के बीच-बचाव से औरंगज़ेब ने बाजबहादुर को माफ़ किया और जागीर लौटा दी।
- बेटे उद्योतचंद के कर्मचारी श्रीनाथ अधिकारी ने चिल्किया के पास श्रीनाथपुर कस्बा बसाया।
- देवीचंद के समय फिर उपेक्षा हुई। रुहेला दाउद ख़ाँ और देवीचंद की सेनाओं की रुद्रपुर के पास मुरादाबाद के फ़ौजदार से मुठभेड़ हुई, जिसमें रुहेले हारे।
6. रुहेला आक्रमण (1743)
- डबराल के अनुसार अठारहवीं सदी में तराई-भाबर की सबसे बड़ी घटना रुहेला सरदार अलीमुहम्मद ख़ाँ का कुमाऊँ पर हमला है।
- कारण: राजा देवीचंद ने छल से रुहेला सरदार दाउद ख़ाँ को मरवा दिया था। उसके दत्तक पुत्र अलीमुहम्मद ख़ाँ ने बदला लेने के लिए 1743 में हाफ़िज़ रहमत ख़ाँ, पैदा ख़ाँ और बख़्शी सरदार ख़ाँ के नेतृत्व में 10,000 रुहेलों की सेना भेजी।
- शिवदेव जोशी ने थोड़ी सेना से मुक़ाबला किया, पर हारकर बाड़ाखोड़ी किले में शरण ली। रुद्रपुर और विजयपुर के बाद रुहेलों ने अल्मोड़ा पर कब्ज़ा कर लिया, और राजा कल्याणचंद गढ़वाल भाग गए।
- कुमाऊँ की ठंड सहन न कर पाने के कारण कई रुहेले मर गए। अंत में 3 लाख रुपये नकद और हर साल 60,000 रुपये देने की शर्त पर रुहेलों ने पहाड़ लौटा दिए, लेकिन काशीपुर, रुद्रपुर और दो अन्य परगने अपने राज्य में मिला लिए।
7. शाही अभियान और शिवदेव जोशी की व्यवस्था (1745–1764)
- 25 फ़रवरी 1745 को मुहम्मद शाह की शाही सेना अलीमुहम्मद के ख़िलाफ़ निकली, और जून 1745 में उसे बंदी बनाकर दिल्ली ले जाया गया।
- 4 जून 1745 को बादशाह ने कल्याणचंद को तराई की सनद दी, और व्यवस्था शिवदेव जोशी को सौंपी गई।
- सरबना विवाद: नवाब सफ़दरजंग के हाकिम तेजू गौड़ ने सरबना पर कब्ज़ा किया। शिवदेव हारकर एक साल अवध की कैद में रहे, और बादशाह से फ़रियाद के बाद छूटे।
- शिवदेव जोशी की व्यवस्था: रुद्रपुर और काशीपुर में गढ़ और सेना; सरबना, बिलहरी, धनेर की ज़मींदारी बरबायक ज़मींदार को और भाबर की लूल जाति के अधिकारी को; पुलिस व्यवस्था हेड़ी और मेवाती लोगों को।
- राजस्व उपज का केवल छठा भाग लिया जाता था और अकाल में छूट दी जाती थी। इससे शांति और समृद्धि आई, और थारू, बोक्सा और बरबायक किसान खेती करने लगे।
- 1748 में अलीमुहम्मद की मृत्यु के बाद बेटा सादुल्ला ख़ाँ रुहेलों का सरदार बना। 1750 के युद्ध के बाद मराठों की मध्यस्थता से सफ़दरजंग ने रोहिलों से सन्धि की, और 1764 तक तराई में शांति रही।
- 1764 में सैनिकों के विद्रोह में शिवदेव जोशी और उनके दो बेटे जयदेव और हरनिधि मारे गए। डबराल के अनुसार शिवदेव और हरिराम जोशी की मृत्यु के बाद तराई-भाबर कुमाऊँ से लगभग अलग हो गया।
8. तराई पर अवध का प्रभुत्व (1778)
- मोहनसिंह (मोहनचंद) ने काशीपुर के हाकिम नन्दराम का अधिकार मान लिया और दोनों राज्यों की सीमा गूलर घाटी मानी।
- नन्दराम ने अवध के नवाब को तराई का स्वामित्व सौंप दिया और खुद उसका आमिल बन गया। उसने छल से रुद्रपुर के हाकिम मनोरथ जोशी को मरवाया।
- इस तरह 1778 में तराई पर अवध के नवाब का अधिकार हो गया। बाद में नेपाल ने भी इसे मान लिया और नवाब ने कुमाऊँ पर गोरखों के अधिकार को।
ब्रिटिश काल में तराई-भाबर – (British Period)
- 10 नवम्बर 1801: वेलेज़ली और अवध के नवाब वज़ीर के बीच सहायक सन्धि के बाद तराई ईस्ट इण्डिया कम्पनी के अधीन हो गई।
1. प्रशासनिक पुनर्गठन
| वर्ष | बदलाव |
|---|---|
| 1824 | तराई को मुरादाबाद ज़िले के अधीन किया गया, लेकिन ट्रेल के अनुरोध पर भाबर कुमाऊँ में ही रहा |
| 1827 | रुहेलखंड और कुमाऊँ के बीच सौ मील लम्बी सीमा पर गहरी खाई और ईंटों के पिलर |
| 1842 | भाबर और तराई को कुमाऊँ में मिलाकर “तराई” नाम का अलग ज़िला |
| 1862 | तराई ज़िले का गठन (ताज के अधीन आने के बाद कुमाऊँ में पहला बड़ा बदलाव) |
| 1870 | काशीपुर तराई में शामिल |
| 1891 | कुमाऊँ के 6 परगनों (छखाता, कोटा, धनियाकोट, रामगढ़, कोटौली, ध्यानीरौ) और तराई के 7 परगनों (काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, किलपुरी, नानकमत्ता, बिलहरी) से नैनीताल ज़िला बना |
| 1896 | तल्ला देश / टनकपुर भाबर अल्मोड़ा ज़िले में |
- 1891 में तराई की तीन तहसीलें: काशीपुर, रुद्रपुर और किलपुरी। भाबर तहसील का मुख्यालय हल्द्वानी था, जिसकी चार पट्टियाँ थीं: चिल्किया भाबर, कोटा भाबर, छखाता भाबर और चौभैंसी भाबर।
- ब्रिटेन के सम्राट की सम्पत्ति: तराई-भाबर को ब्रिटिश सम्राट की सम्पदा माना जाता था और भारत सरकार इसकी सिर्फ़ संरक्षक थी।
2. खाम सुपरिटेंडेंट (1900)
- 1900 में “सुपरिटेंडेंट, तराई भाबर गवर्नमेंट एस्टेट” का पद बना, जिसे आम भाषा में “खाम सुपरिटेंडेंट” कहते हैं।
- “खाम” का मतलब है अस्थायी भू-प्रबंध (Temporary Land Settlement)। खाम भूमि पर किसी का पैतृक अधिकार नहीं था, सुपरिटेंडेंट की अनुमति से ही एक तय समय के लिए खेती या चराई हो सकती थी।
- खाम सुपरिटेंडेंट ज़्यादातर नैनीताल के ज़िलाधिकारी के अधीन था। 1923 में उसे प्रथम श्रेणी के सहायक कलेक्टर के अधिकार मिले। वह एक बार में 100 एकड़ तक ज़मीन दे सकता था।
ब्रिटिश काल में तराई-भाबर के गाँव (राजस्व के हिसाब से):
- खाम गाँव: राज्य के स्वामित्व वाले, लीज़ पर दिए गए। 1890 में 711।
- बुक्साड़ी गाँव: किसान ज़मीन के मालिक। 55, बाद में 42।
- ज़मींदारी गाँव: ज़्यादातर काशीपुर में, 85।
- ठेकेदारी गाँव: 30 साल के ठेके पर, 35।
- मुस्तजिर गाँव: वंश परम्परागत ठेकेदार, जो ज़मीन गिरवी रख, दान या बेच सकते थे। 53।
- नई बस्तियाँ: 175।
- मुआफ़ी: 2 गाँव मुआफ़ी और 19 अर्द्ध मुआफ़ी के।
3. ब्रिटिश शासन की शुरुआत में भाबर
- ट्रेल के अनुसार भाबर में जान-माल की कोई सुरक्षा नहीं थी, केवल मेवाती डाकुओं के मुखिया को रिश्वत देकर ही यहाँ रहा जा सकता था।
- फिर भी कुमाऊँ के दक्षिणी परगनों की लगभग पूरी जनता (कम से कम 30,000) नवम्बर से मई तक भाबर आकर खेती करती थी। केवल जाड़ों में फ़सल होती थी।
- गढ़वाल भाबर में 1815 में खेती लगभग नहीं थी। 1820 में मवाकोट और 1823 में धारों, झिघना और काठीरौ में खेती शुरू हुई।
4. नहरें और सिंचाई
- 1818 में लेफ़्टिनेंट कोर्डिस ने बमौरी से टांडा तक नहर का प्रस्ताव रखा, पर ट्रेल ने इसे उस समय उपयुक्त नहीं माना।
- 1850 के बाद रैमजे के समय गूलों और नहरों पर ख़ास ध्यान दिया गया।
- तल्ला देश में बरमदेव के पास शारदा से नहर, जिससे सौ गाँवों की सिंचाई हुई।
- काठगोदाम के नीचे गौला पर बाँध बनाकर नहरें निकाली गईं।
- रामनगर में कोसी से नहरों का जाल।
- अजय रावत के अनुसार 1870 से 1890 के बीच अभूतपूर्व प्रगति हुई और 79,421.51 हेक्टेयर पर खेती होने लगी।
- तराई: 1831 में कैप्टन जोन्स ने नहर सुधार शुरू किए और 1861 के बाद निर्माण हुआ। काशीपुर में जे.सी. मैक्डनल्ड ने कोसी और ढेला से नहरें निकालीं।
- दून में नहरें: 1823 से काम शुरू हुआ (कैप्टन कोटले और कैप्टन किर्क)। 1885 तक 67 मील (108 किमी) नहरें थीं, जिनसे 12,553 एकड़ की सिंचाई होती थी। प्रमुख नहरें: कटापाथर नहर (1847), विजयपुर नहर (1839 से), राजपुर नहर, खलंगा नहर (1859–60) और जाखन नहर (1863–64)।
5. व्यापार और मंडियाँ
- पहाड़ के लोग हर साल भाबर आकर साल भर के लिए चीनी, कपड़ा, नमक, लोहा ले जाते थे। ढोने वाले जानवर न होने से सामान पीठ पर ढोते थे। भाबर की यात्रा को “ढाकर जाना”, “माल जाना” या “पैंठना” कहते थे।
- हल्दी सबसे लाभ वाली चीज़ थी। काली कुमाऊँ के तल्ला देश और पालबिलोन में हल्दी उगती थी, जिसे बरमदेव मंडी में बेचा जाता था। इसका भाव ट्रेल के समय 2 रुपये प्रति मन और रैमजे के समय 6 रुपये प्रति मन था।
- धनियाकोट, कोटौली और फल्दाकोट में घी का व्यवसाय होता था।
- पहाड़ से निर्यात: अनाज, दालें, हल्दी, अदरक, नागकेसर, कटकी, चिरायता, जड़ी-बूटियाँ, अखरोट, भाँग और भंगेला, शहद, कस्तूरी, सुहागा, शिलाजीत, लकड़ी के बर्तन, खच्चर और लोहा-ताँबा।
- मैदान से आयात: सूती-रेशमी वस्त्र, गुड़, चीनी-मिस्री, नमक, मसाले, सुपारी, नारियल, सूखे मेवे, साबुन, नील, गंधक, ताँबे की चादरें, काँच के गहने और काग़ज़।
प्रमुख मंडियाँ: कालसी, हरद्वार, लालढांग, काशीपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, बिलहरी और बरमदेव। 19वीं सदी में रामनगर, हल्द्वानी और टनकपुर जैसी नई मंडियाँ उभरीं।
- रामनगर: पश्चिमी पहाड़ों का सारा व्यापार यहीं से होता था (गढ़वाल और पाली-पछाऊँ का मक्का-मिर्च, भोटिया व्यापारियों की ऊन-सुहागा)। मुरादाबाद से रामनगर तक रेल आने से महत्व और बढ़ा।
- हल्द्वानी: मंडी की कमी पूरी करने के लिए कमिश्नर ट्रेल ने 1834 में इसकी स्थापना की। रेल आने के बाद यह नैनीताल ज़िले और कुमाऊँ का शीतकालीन मुख्यालय बन गया।
- टनकपुर: 1880 में बरमदेव मंडी के बाढ़ में नष्ट होने के बाद शारदा के बाएँ तट पर बसाया गया। पूर्वी कुमाऊँ का प्रमुख केन्द्र, जहाँ से हल्दी, मिर्च और घी पहाड़ों व नेपाल से मैदान को जाते थे।
- देहरादून: 1808 में रेपर ने इसे एक बड़ा गाँव पाया। 1823 में सहारनपुर के मजिस्ट्रेट शोर ने सड़कें-दुकानें बनवाईं। 1867 में नगरपालिका बनी (तब सिर्फ़ साढ़े तीन वर्गमील)। 1886 में एफ़. बेकर ने लिखा कि देहरा प्राकृतिक सम्पदा से भरपूर होते हुए भी प्रदेश का सबसे पिछड़ा क्षेत्र है।
6. परिवहन और रेल
- देहरादून के तीन मुख्य मार्ग: रुड़की-देहरा-राजपुर-लंढौर (1823 में शोर ने बनवाया), सहारनपुर-चकराता (1873) और देहरा-हरद्वार।
- रेल का आगमन:
- हल्द्वानी-काठगोदाम और नजीबाबाद: 1884 (रुहेलखण्ड-कुमाऊँ रेलमार्ग)
- कोटद्वार: 1897
- हरद्वार: 19वीं सदी के उत्तरार्द्ध में
- देहरादून: 1900
- नजीबाबाद तक रेल से गढ़वाल के लिए खाद्य सामग्री लाना और तीर्थयात्रियों का आना आसान हुआ। लेकिन ये सुविधाएँ तलहटी तक ही थीं, पहाड़ों में इंसान और पशु ही ढोने का साधन रहे।
7. जनसंख्या
- गर्मी, बरसात में मलेरिया, जंगली जानवर और मैदानी डाकुओं के डर से यहाँ जनसंख्या कम थी।
- सर्दियों में पहाड़ी पशुपालक “कबिलदार” और “घामतप्पा” के रूप में आते और मार्च में लौट जाते थे।
- कबिलदार: परिवार और सामान बैलगाड़ियों पर लादकर जाड़ों में भाबर आकर खेती करने वाले।
- घामतप्पा: जाड़ों में सिर्फ़ धूप सेंकने भाबर आने वाले।
तराई-भाबर और राष्ट्रीय आंदोलन – (National Movement)
1857 का विद्रोह
- 17 सितम्बर 1857 को ख़ान बहादुर ख़ान की पैदल और घुड़सवार सेना ने हल्द्वानी पर कब्ज़ा किया, लेकिन भीषण लड़ाई के बाद पीछे हटना पड़ा।
- 6 अक्टूबर को पाँच हज़ार विद्रोहियों ने हल्द्वानी पर फिर कब्ज़ा किया। रैमजे के पत्र संख्या 258 के अनुसार वे डरकर सामान छोड़ भाग गए।
- बद्रीदत्त पाण्डे ने 16 अक्टूबर 1857 को 500 विद्रोहियों के भाबर पर कब्ज़े और हार का ज़िक्र किया है। डॉ. मनराल के अनुसार ये दोनों शायद एक ही घटना हैं।
- इसके बाद हल्द्वानी की रक्षा के लिए कर्नल मैककौसलैंड को रखा गया।
- चोरपुड़ा का युद्ध (10 फ़रवरी 1858): फ़ज़ल हक़ (4,500 सैनिक) और काले ख़ाँ (4,000 सैनिक, 4 तोपें) बहेड़ी से आगे बढ़े। कर्नल मैककौसलैंड ने चोरपुड़ा में काले ख़ाँ को हराया, और इस संघर्ष में काले ख़ाँ और फ़ज़ल हक़ दोनों मारे गए।
राष्ट्रीय आंदोलन
- कुमाऊँ परिषद के दो महत्वपूर्ण अधिवेशन हल्द्वानी (1918) और काशीपुर (1920) में हुए।
- 1918, हल्द्वानी: तारादत्त गैरोला की अध्यक्षता में हरगोविन्द पंत ने दो साल में कुली उतार, कुली बेगार और कुली बर्दायश ख़त्म करने का प्रस्ताव रखा, जो सर्वसम्मति से पास हुआ।
- 1919, कोटद्वार: बद्रीदत्त जोशी की अध्यक्षता में यह प्रस्ताव दोहराया गया।
- 1920, काशीपुर: हरगोविन्द पंत की अध्यक्षता में गोविन्द बल्लभ पंत, बद्रीदत्त पाण्डे आदि ने भाग लिया। असहयोग का प्रस्ताव पास होने पर सरकार समर्थक कुछ नेता सभा छोड़कर चले गए।
- 1923, टनकपुर: बद्रीदत्त पाण्डे की अध्यक्षता में।
- रौलेट एक्ट: 6 अप्रैल 1919 को काशीपुर में गोविन्द बल्लभ पंत ने रौलेट एक्ट रद्द करने का प्रस्ताव पास करवाया। चोरगल्या (हल्द्वानी) में भी जनसभा हुई। (पढ़ें: उत्तराखण्ड में ब्रिटिश काल)
- गांधी जी (1929): हरिद्वार, देहरादून, मसूरी होकर 14 जून को हल्द्वानी पहुँचे और रामलीला मैदान में भाषण दिया।
सविनय अवज्ञा आंदोलन और महिलाएँ:
- 1932 में अल्मोड़ा से कुन्ती वर्मा, मंगला वर्मा, जीवन्ती ठकुरानी, भागीरथी वर्मा और नैनीताल से पद्मा जोशी ने हल्द्वानी में विदेशी कपड़ों की होली जलाई और शराब की भट्टियों पर धरना दिया।
- सबसे पहले हल्द्वानी से शोभावती मित्तल और भागीरथी, और काशीपुर से यशोधरा गिरफ़्तार हुईं।
- कुन्ती वर्मा और भागीरथी चौधरानी के नेतृत्व में हल्द्वानी, कालाढूंगी, कोटाबाग की पदयात्राएँ हुईं। कोटाबाग की कुन्ती देवी और पार्वती देवी का भी बड़ा योगदान रहा।
- डाँडी मार्च में उत्तराखण्ड के तीन सत्याग्रही थे, जिनमें देहरादून के खड्गबहादुर सिंह थे।
- देहरादून: खाराखेत में नमक सत्याग्रह हुआ। 20 अप्रैल तक स्वयंसेवक 150 से ज़्यादा हो गए। खाराखेत का नमक पलटन बाज़ार में बेचा जाता था। 30 अप्रैल को गिरफ़्तारियाँ हुईं। सत्याग्रह कमेटी में नरदेव शास्त्री, महावीर त्यागी, स्वामी विचारानन्द, नारायण दत्त डंगवाल आदि थे।
- 6 अप्रैल को गोविन्द बल्लभ पंत की अध्यक्षता में हल्द्वानी में विशाल सभा हुई।
- जंगल सत्याग्रह: कोटाबाग-पाटकोट में कमलापति जोशी, शिवसिंह, भवानीदत्त सुनौला, जीवानन्द सुनौला, मोतीराम बघाणी और शंकरदत्त त्रिपाठी सबसे सक्रिय थे। जाड़ों में तराई-भाबर के जंगलों में काम करने वाले सैकड़ों ग्रामीणों ने इस बार काम पर जाने से इनकार कर दिया।
- एम.एन. राय के देहरादून आने से युवाओं में क्रांतिकारी विचारों का प्रसार हुआ।
- व्यक्तिगत सत्याग्रह (24 नवम्बर 1940): कुमाऊँ में इसकी शुरुआत गोविन्द बल्लभ पंत ने नैनीताल से हल्द्वानी जाकर की, जहाँ वे गिरफ़्तार हुए। हल्द्वानी में हड़ताल हुई और हरगोविन्द पंत की अध्यक्षता में बड़ी सभा हुई।
- भारत छोड़ो आंदोलन में देहरादून के डी.ए.वी. कॉलेज के छात्रों ने “करो या मरो” का आह्वान किया।
अन्य महत्वपूर्ण तथ्य – (Important Facts for Exams)
- उत्तराखण्ड में तराई-भाबर का विस्तार: फीका नदी से शारदा नदी तक
- भाबर की चौड़ाई: 8 से 25 किमी
- तराई की चौड़ाई: लगभग 25 किमी
- “घास के आगे मकान भी बौने”: बिशप हैबर
- तराई का प्राचीन नाम: तीरभुक्ति, मध्यदेश, माल
- तराई के मूल निवासी: थारू और बोक्सा
- बोक्सा किसके वंशज माने जाते हैं: किरात
- “सरकार कुमाऊँ” और 21 महाल: आइन-ए-अकबरी
- बहादराबाद की खुदाई: 1953, डॉ. यज्ञदत्त शर्मा
- बेहट में सिक्कों का भंडार: 1834, कैप्टन कोटिले
- कालसी में अशोक का: चौदहवाँ शिलालेख
- कुलिन्द जनपद को “कुलिन्द्राइन” किसने कहा: टॉलमी
- जगतग्राम में अश्वमेध यज्ञ: राजा शीलवर्मन (चार अश्वमेध)
- गोविषाण की राजधानी: उज्जैन, काशीपुर के पास (कनिंघम)
- गोविषाण के किले के पास सरोवर: द्रोण सागर
- ब्रह्मपुर की राजधानी ढिकुली किसने मानी: के.पी. नौटियाल
- चौहानों के कारण पट्टी का नाम: अजमेर
- मुहम्मद तुग़लक का कराचल अभियान: 1338
- तैमूर का आक्रमण: 1399
- हुसैन ख़ाँ टुकड़िया को जागीर: 1559, अकबर
- रुद्रचंद को चौरासी माल की सनद: 1588
- “नौलखिया माल”: नौ लाख रुपये राजस्व के कारण
- “कुमाऊँ का ज़मींदार”: बाजबहादुर चंद (शाहजहाँ के फ़रमान में)
- शाही सेना का तराई पर कब्ज़ा: 1665 (औरंगज़ेब)
- रुहेला आक्रमण: 1743
- तराई पर अवध का अधिकार: 1778
- तराई कम्पनी के अधीन: 10 नवम्बर 1801 (सहायक सन्धि)
- तराई ज़िला: 1842 (अलग ज़िला), 1862 (गठन)
- नैनीताल ज़िला: 1891
- खाम सुपरिटेंडेंट का पद: 1900
- हल्द्वानी की स्थापना: 1834, कमिश्नर ट्रेल
- टनकपुर की स्थापना: 1880 (बरमदेव मंडी बाढ़ में नष्ट)
- देहरादून नगरपालिका: 1867
- हल्द्वानी-काठगोदाम में रेल: 1884
- देहरादून में रेल: 1900
- हल्द्वानी पर 1857 में हमला: 17 सितम्बर 1857 (ख़ान बहादुर ख़ान)
- चोरपुड़ा का युद्ध: 10 फ़रवरी 1858
- कुमाऊँ परिषद का हल्द्वानी अधिवेशन: 1918 (तारादत्त गैरोला)
- गांधी जी हल्द्वानी में: 14 जून 1929
- कुमाऊँ में व्यक्तिगत सत्याग्रह की शुरुआत: 24 नवम्बर 1940, गोविन्द बल्लभ पंत
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न – (FAQs)
प्रश्न 1: भाबर और तराई में क्या अंतर है?
उत्तर: भाबर पहाड़ों से लगा ऊपरी भाग है, जो पत्थरों, रेत और बजरी से बना है और जहाँ नदियों का पानी ज़मीन के नीचे चला जाता है। तराई भाबर के नीचे का समतल, दलदली भाग है, जहाँ यही पानी फिर बाहर निकलता है।
प्रश्न 2: तराई के मूल निवासी कौन हैं?
उत्तर: थारू और बोक्सा जनजातियाँ।
प्रश्न 3: “चौरासी माल” क्या है?
उत्तर: 1588 में अकबर ने चन्द राजा रुद्रचंद को तराई-भाबर की जो सनद दी, उस क्षेत्र को चौरासी माल कहा गया। इसकी लम्बाई शायद चौरासी कोस थी, और नौ लाख रुपये राजस्व के कारण इसे नौलखिया माल भी कहते थे।
प्रश्न 4: खाम सुपरिटेंडेंट कौन था?
उत्तर: 1900 में बना “सुपरिटेंडेंट, तराई भाबर गवर्नमेंट एस्टेट” का पद, जो तराई-भाबर की खाम (अस्थायी) भूमि का प्रबंध करता था।
प्रश्न 5: हल्द्वानी की स्थापना किसने की?
उत्तर: कुमाऊँ के कमिश्नर ट्रेल ने 1834 में एक मंडी के रूप में।
उत्तराखण्ड से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
उत्तराखण्ड इतिहास series के अन्य लेख:
- उत्तराखण्ड में ब्रिटिश काल
- उत्तराखण्ड में गोरखा काल
- उत्तराखण्ड में चन्दकालीन कुमाऊँ
- उत्तराखण्ड में कुणिन्द मुद्रा
- उत्तराखण्ड का भूगोल एवं पर्यावरण
- कार्बेट नेशनल पार्क
- उत्तराखण्ड का इतिहास
अगर आपको शुभ मुहूर्त से सम्बंधित यह पोस्ट अच्छी लगी हो तो इसे शेयर करें साथ ही हमारे Facebook | Twitter | Instagram व | Youtubeको भी सब्सक्राइब करें
तराई-भाबर का इतिहास हमेशा से रुहेलखण्ड और उत्तराखण्ड दोनों से जुड़ा रहा है। जब भी गंगा-यमुना के मैदानों पर हमला हुआ, यह इलाका शरणार्थियों का ठिकाना बना, और शांति के समय यहाँ आए लोगों और पहाड़ियों ने मिलकर इसे समृद्ध किया। बहादराबाद के पाषाण औज़ारों, कालसी के अशोक शिलालेख, गोविषाण के किले और मोरध्वज के स्तूप से लेकर हल्द्वानी, रामनगर और टनकपुर की मंडियों तक, यह क्षेत्र हज़ारों सालों की कहानी कहता है।
संक्षेप में, कुणिन्दों, कुषाणों, कटेहरियों और कुमाऊँ-गढ़वाल के राजाओं ने इस क्षेत्र को रहने लायक बनाने की कोशिश की, तो तैमूर, फ़िरोज़ तुग़लक, हुसैन ख़ाँ टुकड़िया और रुहेलों ने इसे उजाड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी। रुद्रचंद को चौरासी माल की सनद, बाजबहादुर चंद और शिवदेव जोशी की व्यवस्था, और फिर ब्रिटिश काल में नहरों, रेल और खाम सुपरिटेंडेंट की व्यवस्था ने तराई-भाबर को नया रूप दिया। पुस्तक के अनुसार तराई-भाबर को उसके आज के रूप में लाने का सबसे ज़्यादा श्रेय कुमाऊँ के ब्रिटिश शासकों और भारत विभाजन के बाद आए आप्रवासियों को है।
