Uttarakhand News

देहरादून में किसानों का उग्र प्रदर्शन: राकेश टिकैत CM धामी से मुलाकात पर अड़े, पुलिस हाई अलर्ट पर

देहरादून में किसानों का उग्र प्रदर्शन

देहरादून में मुजफ्फरनगर निवासी छात्र दिव्यांशु जटराना की हत्या के विरोध में किसानों का प्रदर्शन तेज हो गया है। किसान नेता राकेश टिकैत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान राजधानी पहुंच रहे हैं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की मांग पर अड़े हुए हैं। शुक्रवार सुबह से ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के तराई इलाकों से किसान देहरादून के ISBT के पास आशारोड़ी चौकी पर जुटने लगे, जहां उन्होंने दिव्यांशु को श्रद्धांजलि देने के साथ आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। किसानों की बढ़ती भीड़ और आक्रोश को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया और हालात को संभालने के लिए कई दौर की वार्ता की गई।

शुरुआत में पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत बेनतीजा रही, जिसके बाद SSP प्रमेंद्र डोभाल खुद मौके पर पहुंचे और किसान नेताओं से चर्चा की। लंबी वार्ता के बाद सहमति बनी कि किसानों की 13 सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी, जो मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जैसे ही मुलाकात का समय तय होगा, कमेटी को सूचित किया जाएगा। तय हुआ कि धरना स्थल पर केवल कमेटी के सदस्य ही रहेंगे, जबकि बाकी किसान वापस लौट जाएंगे। साथ ही कमेटी सरकार और पुलिस के साथ लगातार संपर्क में रहकर मामले की जांच और कार्रवाई की निगरानी करेगी।

इस बीच पुलिस ने बताया कि दिव्यांशु हत्याकांड की जांच तेजी से जारी है। कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार आरोपियों पर इनाम बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया है और उनकी तलाश में विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि किसानों की मांग न्याय की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल आशारोड़ी चेकपोस्ट पर किसान डटे हुए हैं और मुख्यमंत्री से मुलाकात के समय का इंतजार कर रहे हैं, जबकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

अगर आपको  उत्तराखंड से सम्बंधित यह पोस्ट अच्छी  लगी हो तो इसे शेयर करें साथ ही हमारे Facebook | Twitter | Instagram व | Youtube को भी सब्सक्राइब करें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *