एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान रुद्रप्रयाग: 35 दिवसीय जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण शुरू, 32 युवतियां ले रहीं प्रशिक्षण

Spread the love

एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक गोविंद नारायण गोयल ने किया शुभारंभ, बोले -कौशल को उद्यमिता का माध्यम बनाएं

रुद्रप्रयाग। एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान रुद्रप्रयाग में मंगलवार को 35 दिवसीय जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य महाप्रबंधक गोविंद नारायण गोयल, लीड बैंक अधिकारी अनूप सिंह और आरसेटी निदेशक अरुण कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न गांवों की 32 रोजगारोन्मुख युवतियां प्रतिभाग कर रही हैं।

मुख्य अतिथि गोविंद नारायण गोयल ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज के दौर में हुनर आत्मनिर्भरता की सबसे मजबूत नींव है। प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल का सही दिशा में उपयोग कर युवा न केवल अपने लिए रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं, बल्कि भविष्य में दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को केवल प्रमाण-पत्र हासिल करने तक सीमित न रखें, बल्कि इसे भविष्य की मजबूत नींव और अपना उद्यम शुरू करने के अवसर के रूप में देखें। मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर सीखने की इच्छा के साथ युवा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। ब्यूटी एवं पर्सनल केयर क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से बेहतर कौशल हासिल कर इसे व्यवसाय के रूप में विकसित करने का आह्वान किया।

लीड बैंक अधिकारी अनूप सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को बैंकिंग सेवाओं के साथ स्वरोजगार के लिए उपलब्ध विभिन्न वित्तीय सहायता और ऋण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इच्छुक अभ्यर्थी बैंक की योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। उन्होंने उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

आरसेटी निदेशक अरुण कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा और संस्थान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आरसेटी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगारपरक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर जैसे कौशल आधारित प्रशिक्षण युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने और आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।

संस्थान के संकाय सदस्य वीरेंद्र बर्तवाल ने प्रशिक्षणार्थियों को पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण की रूपरेखा तथा सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण की जानकारी दी। उन्होंने नियमित रूप से प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर व्यावहारिक दक्षता हासिल करने और सीखे गए कौशल को भविष्य की व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।

RSETI NEWS BEAUTY PARLOUR 4 RSETI NEWS BEAUTY PARLOUR 6

कार्यक्रम में एसबीआई सीएससी प्रबंधक शिवम पटेल, प्रशिक्षक वीरेंद्र बर्तवाल, भूपेंद्र सिंह, संदीप पांडे, संगीता देवी, हैप्पी भारती समेत प्रशिक्षणार्थी शिवानी, शालिनी, रंजना, खुशी, सिमरन आदि मौजूद रहीं।

About The Author

Leave a Comment