Uttarakhand News

उत्तराखंड भाजपा के संगठन महामंत्री अजेय कुमार को राजस्थान की कमान, कार्यकर्ताओं में उत्साह

उत्तराखंड भाजपा के संगठन महामंत्री अजेय कुमार को राजस्थान की कमान, कार्यकर्ताओं में उत्साह

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार को राजस्थान भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन के भीतर उनकी कार्यशैली, अनुशासन और कुशल नेतृत्व को देखते हुए यह नियुक्ति भाजपा नेतृत्व के उनके प्रति विश्वास का प्रतीक मानी जा रही है।

अजेय कुमार ने उत्तराखंड में संगठन महामंत्री के रूप में कार्य करते हुए भाजपा संगठन को बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल के दौरान संगठन ने कई राजनीतिक चुनौतियों का सामना किया, लेकिन संगठनात्मक एकजुटता और अनुशासन बनाए रखने में वे सफल रहे।

विशेष रूप से मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्षों के बदलाव के बावजूद संगठन की मजबूती बरकरार रही। टिकट वितरण जैसे संवेदनशील मुद्दों के दौरान भी बड़े स्तर पर असंतोष या बगावत की स्थिति सामने नहीं आई। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह उनकी संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत संवाद का परिणाम रहा।

अजेय कुमार लगातार प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में प्रवास कर कार्यकर्ताओं से सीधे संपर्क में रहे। उनके नेतृत्व में प्रशिक्षण वर्ग, संगठनात्मक बैठकें और विभिन्न राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय अभियान प्रभावी ढंग से संचालित हुए। उत्तराखंड भाजपा के संगठनात्मक कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना की गई।

उनके कार्यकाल में भाजपा ने विधानसभा और लोकसभा चुनावों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि अजेय कुमार के नेतृत्व में संगठन पहले की अपेक्षा अधिक मजबूत, विस्तारित और संगठित हुआ है।

राजस्थान में नई जिम्मेदारी मिलने पर उत्तराखंड भाजपा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। माना जा रहा है कि उनके अनुभव, अनुशासन और रणनीतिक कौशल का लाभ अब राजस्थान भाजपा संगठन को भी मिलेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *