
हेलीकॉप्टर बुकिंग में बढ़ी ठगी, प्रशासन ने जारी की सख्त एडवाइजरी
रुद्रप्रयाग। आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के मद्देनजर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण साइबर एडवाइजरी जारी की है। यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर बढ़ती ऑनलाइन ठगी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हाल के मामलों में सामने आया है कि साइबर ठग फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया विज्ञापन और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए यात्रियों को निशाना बना रहे हैं। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर Sponsored पोस्ट के माध्यम से आकर्षक ऑफर दिखाकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है, वहीं गूगल सर्च में ऊपर दिखने वाले Sponsored लिंक भी कई बार नकली साबित हो रहे हैं। इन लिंक के जरिए यूजर्स को असली जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइटों पर ले जाकर उनसे भुगतान करा लिया जाता है।
फर्जी ऑफर और व्हाट्सएप ठगी का जाल
साइबर अपराधी व्हाट्सएप कॉल या चैट के जरिए खुद को अधिकृत एजेंट बताकर हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग का दावा करते हैं और जल्दबाजी में पैसे ट्रांसफर कराने का दबाव बनाते हैं। कई मामलों में QR कोड स्कैन कराने को कहा जाता है, जबकि अधिकृत कंपनियां इस तरह की प्रक्रिया नहीं अपनाती हैं। इसके अलावा ‘Pawan Hans’ या ‘Himalayan’ जैसे नामों से मिलती-जुलती नकली वेबसाइट बनाकर भी लोगों को ठगा जा रहा है, जो दिखने में बिल्कुल असली जैसी लगती हैं और आम लोगों को आसानी से भ्रमित कर देती हैं।
केवल आधिकारिक पोर्टल से ही करें बुकिंग
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हेलीकॉप्टर टिकट की बुकिंग केवल आधिकारिक पोर्टल https://heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से ही करें और किसी अन्य वेबसाइट, लिंक या एजेंट पर भरोसा न करें। वेबसाइट का URL ध्यान से जांचें, क्योंकि ठग अक्सर स्पेलिंग में मामूली बदलाव करके नकली साइट तैयार करते हैं। यदि कोई व्यक्ति फोन कॉल के माध्यम से VIP कोटा या लास्ट मिनट बुकिंग का लालच देता है तो उसे नजरअंदाज करें और ऐसे नंबरों को तुरंत ब्लॉक करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सतर्कता बरतें, किसी भी प्रकार की जल्दबाजी से बचें और इस जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करें, ताकि साइबर ठगों के मंसूबों को विफल किया जा सके।
अगर आपको उत्तराखंड से सम्बंधित यह पोस्ट अच्छी लगी हो तो इसे शेयर करें साथ ही हमारे Facebook | Twitter | Instagram व | Youtubeको भी सब्सक्राइब करें।