गोपेश्वर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली-गोपेश्वर नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष पुष्पा पासवान के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें जीत की बधाई देते हुए नगर पालिका के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए शुभाकामनाएं दी। गोपेश्वर-चमोली नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष पुष्पा पासवान ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, प्रतीक चिन्ह और शॉल भेंट कर स्वागत किया। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर को स्वच्छ और साफ बनाने तथा नगर की सेवा के लिए वे अपना पूर्ण योगदान करेंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिले की सबसे बड़ी नगर पालिका चमोली-गोपेश्वर को एक आदर्श नगर पालिका बनाने के लिए मास्टर प्लान के तहत विकास कार्य किए जाएंगे। ताकि नगर क्षेत्र में पार्किंग, भूस्खलन, बरसाती नालों औरअन्य समस्याओं का सुनियोजित तरीके से समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और निस्तारण के साथ विकल्प रहित संकल्प के साथ निरतंर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।
राज्य सरकार ने वृद्वावस्था, दिव्यांग सहित तमाम सामाजिक पेंशनों को ₹1200 से बढ़ाकर ₹1500 करने का फैसला किया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रैणी आपदा में बेघर हुई वृद्वा सोणी देवी को ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट की ओर से बनवाए गए नए घर की चाभी सौंपी। नया घर मिलने पर सोणी देवी ने मुख्यमंत्री और ग्राफिक ऐरा ग्रुप का आभार व्यक्त किया।